राजधानी रायपुर में अब सोशल मीडिया के जरिए गांजे की ऑनलाइन बिक्री किए जाने का दावा सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें “High quality Odisha saag available in Raipur” लिखकर गांजा उपलब्ध होने का दावा किया गया है। इस पोस्ट में गांजे की होम डिलीवरी और Cash on Delivery की सुविधा होने की बात कही गई है। साथ ही, व्हाट्सऐप के जरिए ऑर्डर लेने का भी दावा किया गया है।
बताया जा रहा है कि कथित विक्रेता ने बातचीत के दौरान दावा किया कि जहां कहेंगे, वहां कूरियर के जरिए गांजा पहुंच जाएगा। पोस्ट में 25 ग्राम की कीमत करीब 1 हजार रुपये और 50 ग्राम के लिए 1 हजार 800 रुपये का दावा किया गया है। इतना ही नहीं, व्हाट्सऐप पर गांजे की तस्वीर भेजकर उसकी क्वालिटी बेहतर होने का दावा भी किया गया। दूसरे विक्रेताओं की तुलना में बेहतर क्वालिटी और कीमत का प्रचार किए जाने की बात सामने आई है। भारत में गांजे की व्यावसायिक या ऑनलाइन बिक्री पूरी तरह से गैर-कानूनी और प्रतिबंधित है। रायपुर या भारत के किसी भी अन्य हिस्से में आम उपयोग या नशे के लिए गांजे को ऑनलाइन खरीदना या बेचना NDPS एक्ट, 1985 के तहत एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और कूरियर के जरिए गांजे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है?
सोशल मीडिया पोस्ट ने मचाया हड़कंप, पुलिस की नजर
हालांकि, वायरल पोस्ट और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस और साइबर टीम की कार्रवाई पर नजर है। अगर सोशल मीडिया के जरिए नशीले पदार्थों की बिक्री का यह दावा सही पाया जाता है, तो पुलिस के सामने इस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की बड़ी चुनौती होगी। फिलहाल सवाल यही है कि सोशल मीडिया पर खुलेआम गांजे की ऑनलाइन बिक्री का दावा करने वाले ये लोग कौन हैं और इनके पीछे कितना बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है?



