कोसला में सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य प्रतिमा का अनावरण, कुर्मी समाज भवन का किया लोकार्पण
जांजगीर-चांपा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर ग्राम कोसला में कुर्मी समाज द्वारा नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल भवन एवं उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया और समाज को संगठित करने का आह्वान किया। भूपेश बघेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की आजादी और एकता में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने 565 छोटी-बड़ी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। किसानों को संगठित कर अंग्रेजों की कर व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन किया और एकजुटता की ताकत का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हमें भी बिखरे हुए समाज को एकजुट करने का संकल्प स्वयं लेना होगा।
कार्यक्रम को जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप, दिनेश शर्मा, मंजू सिंह एवं रवि भारद्वाज मंचस्थ रहे। स्वागत भाषण व्यास वर्मा ने दिया तथा कार्यक्रम का संचालन उदल कश्यप ने किया। समारोह में कुर्मी समाज के प्रमुख रामप्रसाद कुर्मी, फिरतराम कुर्मी, राजाराम कश्यप, राजकुमार कश्यप, देवी प्रसाद कौशिक, रूपेश कश्यप, रवि वर्मा, दिलीप कश्यप, अशोक कश्यप, नोखराम वर्मा, रामपुकार कश्यप, सुरेंद्र कश्यप, किशोरी कश्यप एवं मुकेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इसके पूर्व ग्राम बारगांव पहुंचने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लव तिवारी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सरपंच एवं ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान दिनेश थवाईत, ललित नायक, रामायण पटेल, योगेश्वर सिंह, पंकज नायक, सुशील तिवारी एवं विनोद यादव सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



