Latest Posts

लोगों को लौटाए गुम मोबाइल, चेहरों पर लौटी मुस्कान

सीईआईआर पोर्टल की मदद से अलग-अलग जिलों और राज्यों से ट्रेस हुए मोबाइल, आठ माह में 400 से अधिक फोन बरामद
कोरबा। गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 110 लोगों के चेहरों पर शुक्रवार को उस वक्त मुस्कान लौट आई, जब कोरबा पुलिस ने उनके मोबाइल फोन उन्हें सौंपे। सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा की टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से अलग-अलग जिलों और राज्यों से गुम मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी और डीएसपी रजत कुमार नाग के दिशा-निर्देशन तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। साइबर पुलिस थाना और जिले के सभी थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से मोबाइलों की तकनीकी मदद से तलाश की गई। बरामद किए गए 110 मोबाइल में एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी, रियलमे और वन प्लस सहित विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20.03 लाख रुपये है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताया। कोरबा साइबर पुलिस द्वारा गुम मोबाइलों की बरामदगी का अभियान लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार पिछले आठ माह में 400 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे जा चुके हैं। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय सोनवानी और साइबर टीम की विशेष भूमिका रही।
सीईआईआर में शिकायत करना जरूरी
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और नजदीकी थाना अथवा साइबर पुलिस को सूचना दें। सीईआईआर पर ब्लॉक स्टॉलेन/लॉस्ट मोबाइल  विकल्प के माध्यम से मोबाइल की जानकारी, पुलिस शिकायत की कॉपी, पहचान पत्र और मोबाइल बिल आदि प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इसके बाद तकनीकी माध्यम से मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने की कार्रवाई की जाती है।

Latest Posts

Don't Miss