दस दिनों तक होगा सुबह व शाम होगी गजानन स्वामी की आरती
जांजगीर-चांपा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर जिलेभर में सोमवार को गणेश मूर्ति की स्थापना पूजन का दौर आरंभ हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। इसके साथ ही घरों में भी गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। शाम तक वाहनों के माध्यम से प्रतिमाओं को बाजे गाजे के साथ पंडालों तक लाया गया। प्रतिमाओं की स्थापना व पूजा अर्चना के बाद अब पूरे 11 दिनों तक सुबह व रात्रि में गजानन स्वामी की आरती होगी व विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का प्रसाद बंटेगा।
गणेश उत्सव पर जिला मुख्यालय के कचहरी चौक, स्टेशन रोड एसबीआई, बीटीआई चौक, केरा रोड, चांपा रोड सहित अन्य जगहों में पंडाल बनाकर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। कचहरी चौक में जाज्वल्यदेव गणेशोत्सव समिति द्वारा भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके अलावा घरों में साफ सफाई कर प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई। बच्चों ने भी चंदा करके जगह – जगह गणेश प्रतिमा की स्थापना की है। इधर दो माह पहले से कोलकाता व स्थानीय मूर्तिकार गणेश प्रतिमा को अंतिम रूप देने परिवार सहित जुटे रहे। एक दिनपहले मूर्तिकारों के पास गणेश प्रतिमा ले जाने वालों की भीड़ उमड़ी। आटो, ट्रैक्टर, बाइक सहित अन्य वाहनों में गणेश प्रतिमाओं को ले जाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणेशोत्सव की धूम है। अंनत चर्तुदर्शी तक गणेश की पूजा अर्चना होगी। वहीं कुछ लोग दो- तीन दिन तक पूजा अर्चना के बाद प्रतिमा विसर्जित कर देंगे। जाज्वल्यदेव गणेशोत्सव समिति द्वारा कचहरी चौक के पास भव्य पंडाल तैयार किया गया है। पूरे कचहरी चौक को विशेष प्रकार के आकर्षक लाइट से सजाया गया है। बंगाल से आए कलाकारों के द्वारा भव्य और आकर्षक पंडाल का निर्माण किया गया है। समिति के सदस्य ने बताया कि इस बार कचहरी चौक का राजा समिति के द्वारा भव्य रूप से गणेशोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए बंगाल से कारीगर बुलाए गए थे। इस बार यहां तिरुपति बालाजी के मंदिर की थीम पर पंडाल बनाकर गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है, जो आकर्षण का केंद्र है। इसके अलावा पंडाल में आकर्षक लाइटिंग की गई है। पंडाल में एक साथ पांच सौ लोग दर्शन कर सकेंगे। पंडाल में भटगांव के प्रसिद्ध मूर्तिकार द्वारा गणेश प्रतिमा तैयार किया गया है, जिसे गणेश चतुर्थी सोमवार 14 सितंबर को पूजा अर्चना कर बैठाया गया। दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की भी सुविधा रहेगी। पंडाल का निर्माण व साज सज्जा कोलकाता के बंगाली कलाकारों द्वारा किया गया है। इसके अलावा बीटीआई चौक, शारदा चौक और अन्य स्थानों में मिट्टी से बनी प्रतिमा स्थापित की गई है। उत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंडालों में भजन-कीर्तन के अलावा सुबह-शाम विधि-विधान से भगवान की पूजा-अर्चना की जाएगी। इस मौके पर क्षेत्र में पर्व का माहौल बन गया है।



