Latest Posts

पिटाई से हुई थी बंदी की मौत, चार साल बाद हत्या का अपराध दर्ज

मानवाधिकार आयोग की जांच के बाद इस बात का हुआ खुलासा

जांजगीर-चांपा। जिला जेल के बंदी की मौत के मामले में अहम खुलासा हुआ है। जेल दाखिल करने से पहले की गई पिटाई से बंदी की मौत हुई थी। मानवाधिकार आयोग की जांच के बाद इस बात का खुलासा हुआ। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के 4 साल बाद हत्या का अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला वर्ष 2022 को नवागढ़ क्षेत्र का है। आबकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री के मामले में जगदीश गोंड एवं महादेव गोंड को पकड़ा था। इसके बाद दोनों को जेल दाखिल किया गया और बाद मेंजगदीश की मौत हो गई। मामले में पुलिस की जांच तो चल ही रही थी। साथ ही मानवाधिकार आयोग ने भी जांच की। वहीं एसडीएम ने भी जांच की। जांच में सामने आया कि 15 अप्रैल 2022 को आबकारी वृत्त शिवरीनारायण की टीम ने देवरी मोड़ केरा-बिर्रा मार्ग पर छापेमारी कर जगदीश गोंड एवं महादेव गोंड को 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा था। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल जांजगीर में दाखिल कराया गया। अगले ही दिन जेल में जगदीश की तबीयत बिगड़ी और जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।जांच के दौरान सहबंदी के बयान और शव पंचनामा में मिले चोट के निशानों से स्पष्ट हुआ कि जेल में दाखिल करने से पहले आबकारी कर्मचारियों द्वारा मृतक के साथ मारपीट की गई थी, जिसके कारण जगदीश की मृत्यु हुई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना नवागढ़ में संबंधित आबकारी कर्मचारियों के विरुद्ध धारा 302, 34 भादवि  के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Latest Posts

Don't Miss