Latest Posts

18 हाथियों का दल सक्रिय,ग्रामीणों की धान फसल रौंदी

रात में खेतों में पहुंचकर मचाया उत्पात
कोरबा। कटघोरा वनमंडल में हाथियों की सक्रियता ने एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। एतमा नगर रेंज के बंजारी क्षेत्र में विचरण कर रहे लोनर हाथी का उत्पात कुछ कम हुआ ही था कि रिंगनिया क्षेत्र में 18 हाथियों के दल ने दस्तक दे दी। दल ने बीती रात खेतों में पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया और 9 ग्रामीणों की धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया।
सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों में पहुंचे तो लहलहाती फसल के स्थान पर जगह-जगह धान की फसल जमीन पर बिखरी मिली। खेतों में हाथियों के पैरों के निशान देखकर ग्रामीणों को पूरी स्थिति समझते देर नहीं लगी। कई रकबे में लगी फसल हाथियों के झुंड ने कुचल दी, जिससे किसानों को हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना की सूचना मिलते ही बीट प्रभारी सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। वन अमले ने प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर फसल नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया और रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
मड़ई सर्किल से पहुंचा दल
वन विभाग के अनुसार 18 हाथियों का यह दल मड़ई सर्किल की ओर से रिंगनिया क्षेत्र में पहुंचा है। फसल नुकसान के बाद हाथियों का दल वर्तमान में गौरछापर और बांधापारा के बीच जंगल में विचरण कर रहा है। वन अमला हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है।
केंदई में भी हाथियों की मौजूदगी
इधर केंदई रेंज के कांपा नवापारा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में हाथियों के जंगल में विचरण करने की सूचना है। वन विभाग की टीम हाथियों की निगरानी कर रही है। लगातार बदलते ठिकानों के कारण वन अमले के सामने हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ग्रामीणों को सुरक्षित रखने की चुनौती बनी हुई है।

Latest Posts

Don't Miss