तीनों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन
जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा, जांजगीर-चांपा और पामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों की विधानसभा स्तरीय कार्यशालाएं क्रमश: आयोजित कर संपन्न हुईं। कार्यशालाओं में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।अकलतरा विधानसभा की कार्यशाला सरस्वती शिशु मंदिर, अकलतरा में आयोजित हुई। इसमें बिलासपुर संभाग के संगठन प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला और जिला भाजपा अध्यक्ष अंबेश जांगड़े प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।इसके बाद जांजगीर-चांपा विधानसभा की कार्यशाला भाजपा कार्यालय जांजगीर में हुई। इसमें जगदीश रामू रोहरा, अभिषेक शुक्ला, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल, जिला संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, राजेंद्र वैष्णव, जिला भाजपा अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, सत्यलता मीरी, गुलाब सिंह चंदेल, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार और जिला महामंत्री नंदिनी राजवाड़े सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इसी क्रम में पामगढ़ विधानसभा की कार्यशाला शिवरीनारायण रेस्ट हाउस में संपन्न हुई। यहां संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यशालाओं को संबोधित करते हुए जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर सक्रिय रहकर संगठन की गतिविधियों के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा। इसी आधार पर आगामी चुनावों की तैयारियों में सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटना होगा।कार्यशालाओं के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी चुनावों के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।



