Latest Posts

छपोराडीह में धूमधाम से मनाया गया दशहरा महोत्सव, जिपं सदस्य सृष्टि हुईं शामिल

महासमुंद। ग्राम छपोराडीह में दशहरा महोत्सव का भव्य आयोजन सोमवार 20 अक्टूबर को दशहरा मैदान में किया गया। कर्मवारी संघ एवं समस्त ग्रामवासी छपोराडीह द्वारा आयोजित इस महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि अमर चंद्राकर शामिल हुईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच हीरालाल निषाद ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत महासमुंद के सभापति सृष्टि मोहित ध्रुव, पूर्व सरपंच गजानंद पटेल, ग्राम अध्यक्ष सोहन लाल निषाद एवं उपाध्यक्ष कृपालु पटेल उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि श्रीमती सृष्टि चंद्राकर का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती सृष्टि चंद्राकर ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं और गांव में एकता व भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
महोत्सव के तहत शाम 5 बजे से साजापाली डांस की प्रस्तुति, शाम 7 बजे रामलीला मंचन, रात्रि 8 बजे आतिशबाजी और रात्रि 10 बजे 35 फिट के रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतला दहन पश्चात ग्राम में विजय जुलूस का भ्रमण डीजे के साथ निकाला गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Latest Posts

Don't Miss