भीड़ संभालने में नाकाम रहे वॉलंटियर और पुलिस
जांजगीर चांपा । नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की आराधना, आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। लेकिन जब धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती और भीड़ के बीच मारपीट की नौबत आ जाती है, तब आस्था के इस पावन पर्व की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। नैला स्थित श्री श्री श्री दुर्गा उत्सव समिति के आयोजन में सप्तमी की रात सामने आई कथित अव्यवस्था ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सप्तमी की रात लगभग 8 बजे श्री श्री श्री दुर्गा उत्सव समिति नैला में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समिति की ओर से वॉलंटियर तैनात किए गए थे तथा पुलिस प्रशासन की मौजूदगी भी बताई गई है। इसके बावजूद भीड़ को व्यवस्थित करने में परेशानी होने और श्रद्धालुओं के बीच लात-घूंसे चलने की घटना सामने आने की बात कही जा रही है।भीड़ को समझाने के बजाय मारपीट की नौबत क्यों आई?सबसे गंभीर सवाल यह है कि जब धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है, तब भीड़ प्रबंधन की ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की गई? यदि किसी स्थान पर भीड़ बढ़ रही थी, तो उसे नियंत्रित करने के लिए वॉलंटियरों और पुलिसकर्मियों ने समय रहते प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए? आरोप है कि विवाद की स्थिति में कुछ वॉलंटियर श्रद्धालुओं को समझाने और स्थिति शांत करने के बजाय मारपीट पर उतारू हो गए। यदि यह आरोप जांच में सही पाया जाता है, तो यह धार्मिक आयोजन में तैनात जिम्मेदार लोगों की भूमिका पर गंभीर प्रश्न खड़े करेगा।वॉलंटियरों की जिम्मेदारी श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता दिखाना, भीड़ को कतारबद्ध करना, बुजुर्गों और बच्चों की सहायता करना तथा किसी भी विवाद की स्थिति में शांति बनाए रखने में सहयोग करना है। उन्हें कानून अपने हाथ में लेने या बल प्रयोग करने का अधिकार नहीं है।



