कोरबा। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज की ग्रामीण इकाई द्वारा ग्राम खरमोर स्थित सामुदायिक भवन में बुधवार को सावन महोत्सव का भव्य एवं उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंगों और महिला सशक्तिकरण की भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन में महिलाओं और बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ इष्टदेव श्री राधा-कृष्ण जी के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्रीमती सैलाना बी.एल. यादव, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही सभी विशिष्ट अतिथियों का भी सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
महोत्सव में बच्चों ने एकल एवं समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं छोटे बच्चों की राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
महिलाओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, मेहंदी प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सावन की हरियाली की थीम के अनुरूप हरे रंग की साड़ियों में सजी महिलाओं की उपस्थिति ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अहम : सैलाना बी.एल. यादव
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती सैलाना बी.एल. यादव ने कहा कि महिलाओं को समाज की प्रत्येक गतिविधि में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से समाज और अधिक संगठित एवं सशक्त बनेगा तथा वे समाज की प्रगति में कंधे से कंधा मिलाकर महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित महिलाओं के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
प्रतिभागियों का सम्मान, आभार के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों द्वारा महिलाओं एवं बच्चों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में श्री भानु यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मातृशक्ति श्रीमती सैलाना बी.एल. यादव, फिरतीन बाई, मंजर बाई, लक्ष्मीबाई, दिलेश्वरी बाई, हेमलता यादव, आशा देवी, कमलाबाई, गीताबाई, शकुंतला बाई, गोमती यादव, सरिता यादव, भारती यादव, संध्या यादव, सुनीता यादव, ओम यादव, जमुना बाई, कमला यादव, साधमती यादव, ज्योति यादव, पूनम यादव, दीपिका यादव एवं मीना यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कोरबा जिला अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, मूरत यादव के मार्गदर्शन एवं आयोजित समिति के अध्यक्ष श्री उमेंद यादव के नेतृत्व में नित्यानंद यादव, टोकराम यादव, प्रेमलाल यादव, सुखनंदन यादव, रामप्रसाद यादव, सुनील यादव सहित समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।



