Latest Posts

शहीद सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेस पर दुर्घटनाग्रस्त: चार की मौत, पिता के बाद बेटे की भी मौत

सुलतानपुर। चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। थाना हलियापुर क्षेत्र में किलोमीटर 79.6 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एंबुलेंस सवार शहीद के पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

शहीद के पुत्र व चालक की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 8:15 बजे एंबुलेंस संख्या T0626HR7553BJ से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान, निवासी गैला दुधिला, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया का पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में शहीद के पुत्र गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल सवार थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 किमी पर अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस में टक्कर मार दी।

दो परिजनों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को उपचार के लिए पिठला कुमारगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने ससम्मान रखवाया शव

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखाया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश और हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Latest Posts

Don't Miss