Latest Posts

चांपा टीआई एवं ASI दिवाकर हुए लाइन अटैच, कमलेश शेण्डे होंगे चांपा के नए थानेदार

पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल, चार अधिकारियों की नई पदस्थापना

चांपा और सारागांव थाने को मिले नए प्रभारी, अशोक वैष्णव व बाबूलाल दिवाकर को रक्षित केंद्र जांजगीर भेजा गया

जांजगीर-चांपा। जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर-चांपा द्वारा प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस विभाग में फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल से स्थानांतरित कर नवीन स्थानों पर पदस्थ किया गया है।

इस बदलाव के तहत चांपा और सारागांव थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों में भी परिवर्तन किया गया है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अशोक वैष्णव, जो वर्तमान में थाना प्रभारी चांपा के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें अब रक्षित केंद्र जांजगीर में पदस्थ किया गया है। वही निरीक्षक कमलेश शेंडे, जो वर्तमान में थाना प्रभारी सारागांव के पद पर पदस्थ थे, उन्हें चांपा थाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही निरीक्षक प्रमोद कश्यप, जो अब तक यातायात शाखा में पदस्थ थे, उन्हें थाना प्रभारी सारागांव बनाया गया है। इसी क्रम में स.उ.नि. बाबूलाल दिवाकर, जो वर्तमान में थाना चांपा में पदस्थ थे, उन्हें भी रक्षित केंद्र जांजगीर में स्थानांतरित किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदस्थापन प्रशासनिक दृष्टिकोण से किया गया है तथा संबंधित अधिकारी आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना स्थल पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

पदस्थापना में हुए बदलाव के बाद चांपा थाना की कमान अब निरीक्षक कमलेश शेंडे संभालेंगे। चांपा शहर जिले के प्रमुख व्यापारिक एवं आवागमन केंद्रों में शामिल होने के कारण यहां पुलिसिंग की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जाती है। थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण, लंबित मामलों का निराकरण, यातायात व्यवस्था में सहयोग तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जैसी जिम्मेदारियां नए थाना प्रभारी के सामने रहेंगी। वहीं यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक प्रमोद कश्यप को थाना प्रभारी सारागांव की जिम्मेदारी दी गई है।

नई पदस्थापना के साथ उनके सामने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी पुलिसिंग करने की चुनौती होगी। पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इस बदलाव से थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में भी नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है। जांजगीर चांपा जिले में किया गया यह फेरबदल भी प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई पदस्थापना के बाद संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने की अपेक्षा रहेगी।पुलिस प्रशासन की प्राथमिकताओं में आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना प्रमुख है।

ऐसे में नए थाना प्रभारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के इस आदेश के बाद अब चांपा एवं सारागांव थाना क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियों के साथ पुलिसिंग व्यवस्था आगे बढ़ेगी। अधिकारियों की नई पदस्थापना से कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में और अधिक प्रभावशीलता आने की उम्मीद है।

Latest Posts

Don't Miss