Latest Posts

22 जिंदगियां लील चुका देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर प्रशासन ने लगाई एंट्री पर रोक

हसदेव नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाकर आवाजाही पर लगाई अस्थायी पाबंदी

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा ब्लॉक स्थित देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट को लगातार हो रहे हादसों और जनहानि के मद्देनजर जिला प्रशासन ने अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। हसदेव नदी के इस खतरनाक स्थल पर अब लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने मौके पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया है, जिसमें नदी क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई है। बताया जा रहा है कि इस पिकनिक स्पॉट पर अब तक 22 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। हालिया हादसे में तीन छात्रों की मौत के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। शुक्रवार को बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के सात विद्यार्थी पिकनिक मनाने देवरी-चिचोली पहुंचे थे। इनमें चार छात्राएं और तीन छात्र शामिल थे। हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के दौरान चिरमिरी निवासी पवन पाल का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। उसे बचाने के प्रयास में मुरारी साहू और सचिन सिंह भी तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीनों नदी में लापता हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एसडीआरएफ और डीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बचाव दल ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश की। शनिवार को पवन पाल का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि अन्य दो छात्रों की तलाश जारी रही।

रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सचिन सिंह (23), पिता यशवंत सिंह, निवासी सूरजपुर-अंबिकापुर का शव नदी से बरामद हुआ। इसके करीब 45 मिनट बाद सुबह 7 बजे मुरारी साहू (22), पिता अशोक साहू, निवासी कवर्धा का शव भी मिल गया। दोनों शव पत्थरों के नीचे बनी खोह में फंसे मिले। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें स्वजनों को सौंप दिया गया। देवरी-चिचोली हसदेव नदी क्षेत्र जिले में पिकनिक के लिए लोकप्रिय रहा है, लेकिन यहां नदी की गहराई, तेज बहाव और खतरनाक स्थानों के कारण लगातार हादसे होते रहे हैं। इसके बावजूद सुरक्षा इंतजामों को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे। अब लगातार बढ़ती जनहानि के बाद प्रशासन ने फिलहाल पिकनिक स्पॉट को बंद कर लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। प्रशासन की ओर से लगाए गए चेतावनी बोर्ड के बाद अब इस स्थान पर पहुंचने वाले लोगों को रोकने की व्यवस्था की गई है। लगातार हो रही मौतों के बीच देवरी-चिचोली को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला हादसों पर रोक लगाने की दिशा में प्रशासन का सख्त कदम माना जा रहा है।

Latest Posts

Don't Miss