Latest Posts

देवउठनी एकादशी पर गन्ने के मंडप में हुआ तुलसी-शालिग्राम का विवाह

चार माह की योगनिद्रा से जागे भगवान विष्णु, मांगलिक कार्यों की हुई शुरुआत

घरों में दीप जलाकर श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

जांजगीर-चांपा। चार माह की योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु के जागने के पर्व देवउठनी एकादशी को जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर में गन्ने का आकर्षक मंडप सजाकर भगवान शालिग्राम और तुलसी महारानी का विवाह पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया गया। महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर विवाह की रस्में निभाईं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। देवउठनी एकादशी के साथ ही लंबे समय से बंद पड़े मांगलिक कार्यों की भी शुरुआत हो गई है। अब विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार सहित अन्य शुभ कार्यों की तैयारियां भी शुरू हो जाएंगी।

देवउठनी एकादशी को लेकर शुक्रवार सुबह से ही घरों में उत्सव जैसा माहौल रहा। पर्व की तैयारियों के तहत महिलाओं ने घरों की साफ-सफाई की और शाम होते ही आंगन में आकर्षक रंगोली सजाई। घरों के भीतर और बाहर दीप जलाकर रोशनी की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर उन्हें नए फल, सिंघाड़ा, साबूदाना, सीताफल, मूंगफली, शकरकंद और अमरूद सहित मौसमी फल अर्पित किए। वहीं, बच्चों ने रात में जमकर पटाखे फोड़कर पर्व की खुशियां मनाईं। देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने घरों में तुलसी के पौधे के चारों ओर गन्ने का मंडप तैयार किया। तुलसी महारानी को सुहाग का प्रतीक चुनरी ओढ़ाकर, चूड़ियां पहनाकर और वस्त्रों से सजाकर दुल्हन का रूप दिया गया। इसके बाद भगवान शालिग्राम को सिंहासन सहित हाथों में लेकर तुलसी के बिरवे के समीप स्थापित किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने तुलसी और शालिग्राम की सात परिक्रमा की तथा विवाह की रस्में पूरी कीं। इस दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाकर विवाह समारोह को पारंपरिक रंग दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी मान्यता को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं ने सुबह और शाम शंखनाद तथा घंटियां बजाकर भगवान नारायण का आह्वान किया। घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान को मौसमी फल और विभिन्न प्रकार के प्रसाद अर्पित किए गए। एकादशी के अवसर पर भगवान विष्णु के नाम का जप, भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का भी विशेष महत्व माना जाता है। देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह के लिए गन्ने का विशेष महत्व होने के कारण शहर में सुबह से ही गन्ने की दुकानों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। श्रद्धालुओं ने गन्ने की खरीदारी कर घरों में मंडप सजाए। पर्व को लेकर बाजार में भी अच्छी चहल-पहल देखने को मिली। घरों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तुलसी विवाह संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इन चार महीनों में विवाह सहित कई मांगलिक कार्यों को शुभ नहीं माना जाता। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास का समापन होता है। इसी कारण इस एकादशी को देवोत्थान या प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। भगवान विष्णु के जागने के बाद विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक संस्कारों का शुभारंभ होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भाद्रपद शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु ने शंखासुर नामक राक्षस का वध करने के बाद क्षीरसागर में विश्राम किया था। चार माह की योगनिद्रा के पश्चात वे कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागे थे। तभी से इस दिन को देवउठनी एकादशी के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। तुलसी को वैष्णव परंपरा में अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना गया है। वहीं भगवान विष्णु को सृष्टि का पालनकर्ता माना जाता है। तुलसी और शालिग्राम का विवाह इसी आस्था, श्रद्धा और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है।

Latest Posts

Don't Miss