Latest Posts

आधी कीमत पर छड़ दिलाने का झांसा देकर 4 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

एक माह में दो दुकानदारों को बनाया निशाना, फर्जी विजिटिंग कार्ड और मोबाइल के जरिए रचते थे ठगी का जाल

जांजगीर-चांपा। आधी कीमत पर छड़ (सरिया) दिलाने का लालच देकर हार्डवेयर दुकानदारों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को नवागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पिछले एक माह के भीतर अवरिद और सिउड़ के दो दुकानदारों को अपना शिकार बनाते हुए करीब 4 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिउड़ निवासी किशन राठौर ने 15 अक्टूबर को थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरुषोत्तम यादव और राजेश कुमार ने कम कीमत पर छड़ दिलाने का झांसा देकर उससे फोन-पे के माध्यम से 80 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद दोनों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। मामले में एनसीआरपी पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 338/26 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।इसी तरह अवरिद निवासी चंद्रशेखर कश्यप ने भी पुरुषोत्तम यादव के खिलाफ 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी ने शिवरीनारायण के एक छड़ विक्रेता से संपर्क कर अवरिद में छड़ पहुंचाने की बात कही थी। उसने दुकानदार को बताया कि माल अनलोड होने के बाद भुगतान किया जाएगा। वहीं, चंद्रशेखर कश्यप को छड़ की राशि तैयार रखने के लिए कहा। छड़ अवरिद पहुंचने पर आरोपी पैसे लेकर फरार हो गया। बाद में जब शिवरीनारायण के दुकानदार ने छड़ की कीमत मांगी, तब दोनों पक्षों के साथ हुई ठगी का खुलासा हुआ। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 339/26 के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव की तलाश के लिए उसके बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी कई वर्षों से अपने पुराने निवास पर नहीं रह रहा है और वर्तमान में बिलासपुर जिले के जांजी क्षेत्र में रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम रवाना कर घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल फोन और फर्जी विजिटिंग कार्ड जब्त किए गए। पूछताछ में पुरुषोत्तम यादव ने सह आरोपी राजेश कुमार के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने पुरुषोत्तम यादव (37 वर्ष), निवासी सीपत थाना सीपत, जिला बिलासपुर, वर्तमान निवासी जांजीगीर राजेश कुमार (38 वर्ष), निवासी ग्राम सिउड़, थाना नवागढ़,को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडे, निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई लंबोदर सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा तथा आरक्षक रोहित कहरा, प्रतीक सिंह और अंजना लकड़ा का सराहनीय योगदान रहा।

Latest Posts

Don't Miss