Latest Posts

अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी को दें प्राथमिकता : पांडेय

अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

जांजगीर-चांपा। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंगलवार 17 नवंबर को पुलिस कार्यालय जांजगीर के सभाकक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को अधीनस्थ थाना-चौकी क्षेत्रों में पुलिसिंग मजबूत करने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में एसपी ने अपराधों के निराकरण, थाना-चौकी क्षेत्रों की कानून व्यवस्था तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए। उन्होंने फरार आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा लंबित गिरफ्तारी और स्थायी वारंटों की तामीली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों एवं वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी धरपकड़ कर अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाए।  एसपी ने अधिकारियों को समय-समय पर प्रभावी नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक थाना एवं चौकी क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें-पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों एवं फरियादियों के साथ शालीनतापूर्ण व्यवहार करने की हिदायत देते हुए कहा कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए। शिकायतों पर त्वरित एवं उचित वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी हो, जिससे आमजन का विश्वास मजबूत हो और लोगों में सुरक्षा का भाव बना रहे। बैठक में डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे, एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह, स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, रीडर-1 अश्वनी राठौर एवं स्थापना प्रभारी कृष्णा साहू उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss