Latest Posts

मामूली विवाद पर चाकू और चेन से जानलेवा हमला करने वाला 16 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार

अकलतरा पुलिस ने घर पर दबिश देकर पकड़ा, हत्या के प्रयास के मामले में भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा। वाहन पर बैठने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में चाकू और लोहे की चेन से जानलेवा हमला करने के मामले में पिछले 16 माह से फरार चल रहे आरोपी को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उसके निवास स्थान से घेराबंदी कर पकड़ा। मामले में कुल नौ आरोपी शामिल थे, जिनमें से आठ आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 6 अगस्त 2025 की है। प्रार्थी अमन सारथी अपने साथियों मोनू उर्फ भुनेश्वर भैना, तिलेश्वर भैना एवं यानु नौरंग के साथ कपड़ा खरीदने अकलतरा आया था। शाम करीब सात बजे वे सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास अपने गांव के गोलू उर्फ विजय से मिलने और पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान तुलेश्वर भैना पेट्रोल पंप के सामने स्थित आशीष यादव के ठेले पर सिगरेट लेने गया और वहां खड़ी एक सफेद रंग की एनएस मोटरसाइकिल पर बैठकर सिगरेट पीने लगा।इसी बात को लेकर यूडी यादव एवं उसके अन्य साथियों ने वाहन पर बैठने की बात पर विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के, चाकू एवं चेन से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से पेट में वार किए जाने से निलेश्वर भैना गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 360/2025 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बाद में प्रकरण में धारा 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।मामले में नौ आरोपी शामिल थे। इनमें से आठ आरोपियों की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि एक आरोपी घटना के बाद से ही फरार था। करीब 16 माह से फरार चल रहे आरोपी के अपने घर आने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर उसके निवास स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रिंस कुमार ध्रुव उर्फ प्रिंस भाटिया (19 वर्ष 6 माह), पिता लल्लू राम ध्रुव, निवासी मोहनपारा वार्ड क्रमांक 07, रेलवे कॉलोनी अकलतरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के पेश करने पर घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कूटी क्रमांक सीजी 10 एयू 5830 को गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।पुलिस ने आरोपी को 14 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में  एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बाबूलाल कोसरिया, आरक्षक शेषनारायण साहू एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Latest Posts

Don't Miss