चांपा। शासकीय पूर्व प्राथमिक शाला सेमरिया में बाल दिवस का कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष राजू साहू और सरपंच प्रतिनिधि रामस्वरूप कश्यप ने की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वागत नृत्य के साथ बाल दिवस के महत्व को दर्शाते हुए बढ़-चढ़कर प्रस्तुतियां दी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक, प्रेरणादायक कविताएं, देशभक्ति गीत और ओजस्वी भाषण ने उपस्थित सभी अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। अध्यक्ष और सरपंच प्रतिनिधि ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें देश का भविष्य बताया और चाचा नेहरू के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। प्रधान पाठक उमेश दुबे ने इस अवसर पर कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का मानना था कि आज के बच्चे ही कल के भारत का सच्चा निर्माण करेंगे। उनके निधन (1964) के बाद उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया, ताकि बच्चों के विकास और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा सके। यह दिन केवल उत्सव तक सीमित नहीं है बल्कि यह बाल अधिकारो की सुरक्षा, बाल श्रम के उन्मूलन, और हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने का संकल्प लेने का अवसर भी प्रदान करता है।



