Latest Posts

दीपावली के बाद खेतों में लौटी रौनक, धान कटाई में जुटे किसान

कही मजदूरों की किल्लत तो कहीं हार्वेस्टर का सहारा, बारदानों की बढ़ी मांग

चांपा। दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर खेतों की रौनक लौट आई है। किसान अब खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान की कटाई और मिसाई में जुट गए हैं। कई क्षेत्रों में जल्द पकने वाली हरूना किस्म का धान पककर तैयार हो चुका है। किसान परिवार सहित खेतों में पहुंचकर कटाई कर रहे हैं। कुछ किसान मजदूरों की मदद से धान की मिसाई में लगे हुए हैं। पिछले कई दिनों से मौसम साफ रहने और अच्छी धूप खिलने से किसानों को काफी राहत मिली है। खेतों में भरा पानी सूखने के साथ ही जमीन की नमी भी कम हो गई है। ऐसे में धान कटाई के लिए मौसम और परिस्थितियां अनुकूल मानी जा रही हैं। धान कटाई का सीजन शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों की मांग बढ़ गई है। आसपास के गांवों से लेकर अंदरूनी क्षेत्रों तक किसानों को कटाई के लिए मजदूर नही मिल पा रहे हैं। इसके चलते छोटे और कम रकबे वाले किसान परिवार के सदस्यों के साथ स्वयं खेतों में उतरकर धान की कटाई करने को मजबूर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में युवा वर्ग खेती-किसानी के काम से धीरे-धीरे दूरी बनाता जा रहा है। ऐसे में धान कटाई के कार्य में महिलाओं और अधेड़ उम्र के लोगों की भागीदारी अधिक दिखाई दे रही है। साधन संपन्न किसान खेतों से पानी सूखने के बाद हार्वेस्टर के माध्यम से धान कटाई कराने की तैयारी कर रहे हैं। मजदूरों की कमी और खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए किसान मशीनों का सहारा लेना बेहतर विकल्प मान रहे हैं। दूसरी ओर खेती-किसानी का काम लगातार महंगा होता जा रहा है, जिससे किसानों की लागत में भी इजाफा हो रहा है।समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी के बीच किसानों ने धान रखने के लिए बारदानों की व्यवस्था शुरू कर दी है। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में बारदानों की पूछ-परख बढ़ गई है। जिले में अधिकांश किस्मों का धान पककर तैयार हो चुका है, लेकिन क्षेत्र में लगी सरना किस्म की फसल अभी पकने में समय ले रही है। ऐसे में किसानों की नजर मौसम और फसल की स्थिति पर बनी हुई है। फिलहाल दीपावली के बाद खेतों में बढ़ी चहल-पहल से ग्रामीण अंचलों में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं।

Latest Posts

Don't Miss