जांजगीर-चांपा। जांजगीर-नैला नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 में कहरा समाज के बहुप्रतीक्षित सामुदायिक भवन निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। रविवार 9 नवंबर को जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए विधायक ने अपनी विधायक निधि से 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि सामाजिक एवं सामुदायिक भवन किसी भी समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे भवन केवल आयोजन स्थल नहीं होते, बल्कि समाज के लोगों के आपसी मेल-मिलाप, विचारों के आदान-प्रदान और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन का निर्माण पूरा होने के बाद कहरा समाज के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। क्षेत्र के सभी समाजों का विकास और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर कहरा समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने विधायक ब्यास कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। भवन निर्माण पूरा होने से समाज के लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी और सामाजिक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए अपना स्थायी स्थान उपलब्ध होगा, भूमिपूजन कार्यक्रम में किशन आदित्य विधायक प्रतिनिधि, मुकेश कुमार राकेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ कहरा समाज, गेंदालाल कटकवार उपाध्यक्ष, हरिहर आदित्य महासचिव, अशोक आदित्य, खिलावन आदित्य सचिव, बलराम आदित्य, जगदीश आदित्य सह सचिव, रवि कटकवार मीडिया प्रभारी, देव कुमार आदित्य अध्यक्ष युवा संगठन, लालमणि राकेश कोषाध्यक्ष, लखेश्वर आदित्य संरक्षक युवा संगठन, देवव्रत आदित्य, महादेव कटकवार पूर्व अध्यक्ष, नमो नारायण कटकवार, मुनि लाल कटकवार, रामभरोस आदित्य, केशव कटकवार, गुड्डू कहरा सभापति एवं बसंत कटकवार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।



