चार दिनों तक होगी सूर्यदेव की आराधना
जांजगीर-चांपा। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। पर्व के दौरान व्रती पूरी श्रद्धा और कठोर नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्यदेव एवं छठी मइया की आराधना करेंगे। छठ पूजा को लेकर केराझरिया-लछनपुर स्थित छठ घाट सहित जिले के विभिन्न घाटों में तैयारियां पूरी की जा रही हैं। घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक विद्युत सजावट की व्यवस्था में भोजपुरी समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य जुटे हुए हैं।
छठ महापर्व जिले में निवासरत बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों द्वारा पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। सूर्यदेव को समर्पित यह पर्व स्वच्छता, संयम, पवित्रता और कठिन तपस्या का प्रतीक माना जाता है। इसमें महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी समान श्रद्धाभाव से व्रत रखते हैं। महापर्व के पहले दिन शुक्रवार 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ अनुष्ठान की शुरुआत हुई। इस दिन व्रतियों ने पवित्र स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण किया। दूसरे दिन शनिवार 14 नवंबर को खरना पूजा होगी। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे और पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। तीसरे दिन रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान श्रद्धालु नदी, तालाब और निर्धारित छठ घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य की उपासना करेंगे। वहीं, चौथे और अंतिम दिन सोमवार 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अंतिम अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान का विधिवत समापन होगा। छठ महापर्व के मद्देनजर पुलिस विभाग के अधिकारियों ने घाट पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समिति एवं समाज के लोगों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। पर्व को लेकर केराझरिया-लछनपुर स्थित छठ घाट में विशेष तैयारियां की गई हैं। जेसीबी की मदद से घाट परिसर में जमा कचरे को हटाकर साफ-सफाई कराई गई है। इसके बाद परिसर में रंग-रोगन और आकर्षक लाइटों से सजाया जा रहा है। इस कार्य में भोजपुरी समाज के संस्थापक जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुशील सिंह सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। वहीं, सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों ने सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद श्रीमती कमलादेवी पाटले, भाजपा के वरिष्ठ नेता लीलाधर सुल्तानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व में शामिल होने का आमंत्रण दिया। जिले के अन्य छठ घाटों पर भी साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि व्रतियों एवं उनके परिजनों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। धार्मिक मान्यता के अनुसार छठी मइया को भगवान सूर्यदेव की बहन माना जाता है। मान्यता है कि छठी मइया और सूर्यदेव की उपासना से परिवार में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली आती है। व्रती परिवार की मंगलकामना और संतान की दीर्घायु के लिए कठिन निर्जला व्रत रखते हैं। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा इस महापर्व को विशिष्ट बनाती है। लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक मंगलकामना का संदेश देने वाला छठ महापर्व पूरे जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
अंतिम दिन कपालिक बाबा करेंगे प्रसाद वितरण-चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन छठ घाट पर अघोर आश्रम पोड़ीदल्हा के कपालिक बाबा विशेष रूप से पहुंचेंगे। इस दौरान वे अपने हाथों से उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करेंगे। इसे लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह है।



