महासमुंद। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर परसदा (ब) पुलिस लाईन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरणीय बताया। इस दौरान उपस्थित शहीद जवानों के परिवार का सम्मान भी किया गया।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि पुलिस के जवान विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराधों पर नियंत्रण रखने और समाज में शांति बनाए रखने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका है। कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर जवानों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और समाज में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना कर्तव्यों का निर्वहन किया। उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान सरायपाली विधायक चातुरी नंद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, भाजपा नेता संदीप दीवान, रमेश साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी सहित पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थें।



