Latest Posts

बिर्रा पुलिस ने गांजे के साथ युवक को किया गिरफ्तार

उत्तम ढाबा के पास घेराबंदी कर कार्रवाई, जब्त गांजे की कीमत 50 हजार रुपये

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिर्रा पुलिस ने एक युवक को 1.24 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिर्रा स्थित उत्तम ढाबा के पास एक संदिग्ध युवक मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और युवक को पकड़ लिया।पकड़े गए युवक की पहचान शुभम केंवट (20 वर्ष), पिता गणेश केंवट, निवासी ग्राम डोमाडीह, थाना हसौद, जिला सक्ती के रूप में हुई। पुलिस ने विधिवत तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखे सफेद-लाल रंग के झोले से भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटा गांजा बरामद किया। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 1.24 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक आर. लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू सहित थाना बिर्रा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Latest Posts

Don't Miss