सिर पर जवारा धारण कर महिलाओं ने निभाई धार्मिक परंपरा
चांपा। शारदीय नवरात्रि पर्व के समापन पर चांपा में माता समलेश्वरी के जवारा विसर्जन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। माता के भक्तों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जवारा विसर्जन में भाग लिया। इस अवसर पर महिलाओं ने सिर पर जवारा धारण कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया, वही श्रद्धालुओं ने लोट मारकर माता के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। माता के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच पूरा क्षेत्र धर्ममय नजर आया। जिसके दर्शन करने बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक माता समलेश्वरी की पूजा-अर्चना में लीन रहे श्रद्धालुओं के लिए जवारा विसर्जन का विशेष महत्व है। चांपा की माता समलेश्वरी देवी मंदिर में जवारा विसर्जन को देवी आराधना, आस्था और मनोकामना का प्रतीक माना जाता है। जवारा विसर्जन के अवसर पर महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर जवारा लेकर मंदिर से आगे बढ़ी। उसके पहले भक्तों ने जमीन पर दंडवत लोट मारकर अपनी आस्था प्रकट की। नगर की आराध्य, कुलदेवी माता समलेश्वरी की कृपा बड़ी निराली है और भक्तों की आस्था इतनी मजबूत है कि नवरात्रि के नवमी के अवसर जावरा विसर्जन और लोट मारने की प्रथा आज भी चली आ रही है माता के प्रति श्रद्धा और अटूट आस्था का अनूठा दृश्य सोमवार शाम को जवारा विसर्जन के दौरान देखने को मिला। धार्मिक परंपरा अंतर्गत माता के जवारा विसर्जन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जिसमें महिलाएं सिर पर जवारा धारण कर कतार में माता के प्रति समर्पण भाव, और जमीन पर लोट लगाते श्रद्धालु इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु जवारा विसर्जन के पहले मंदिर से लोट मारते हुए रामबांधा तालाब घाट तक पहुंचे। श्रद्धालु दंडवत होकर लोट लगाते हुए अपनी आस्था प्रकट करते दिखाई दिए। इस आयोजन में भक्ति, विश्वास और पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों की झलक देखने योग्य रही। माता समलेश्वरी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नही है, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही धार्मिक परंपराओं में भी दिखाई देती है। लोट मारने की परंपरा को श्रद्धालु अपनी श्रद्धा, संकल्प और माता के प्रति पूर्ण समर्पण के भाव से जोड़कर देखते हैं। वही जवारा धारण करना शक्ति उपासना, मंगलकामना और धार्मिक विश्वास का प्रतीक माना जाता है। जवारा विसर्जन के अवसर पर उमड़ी भीड़ ने चांपा की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की। महिलाओं द्वारा जवारा धारण कर आगे बढ़ना और श्रद्धालुओं का दंडवत होकर माता के प्रति नमन करना आयोजन की विशिष्ट पहचान है। यह परंपरा स्थानीय जनजीवन में देवी आराधना के महत्त्व और सामूहिक आस्था को दर्शाती है। माता समलेश्वरी के प्रति श्रद्धा से जुड़े ऐसे आयोजन चांपा की धार्मिक पहचान को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।



