नैला में विराजित 35 फीट की दुर्गा देखने दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु
कई जगहों पर होम हवन के साथ कन्याभोज का हुआ आयोजन
जांजगीर-चांपा। नवरात्र पर्व के अष्टमी के दिन देवी मंदिरों में महागौरी की पुजा हुई। अंचल के प्रसिद्ध खोखरा स्थित मां मनका दाई मंदिर, चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी, हरदी स्थित महामाया एवं शिवरीनारायण स्थित अन्नपूर्णा मंदिर में माता रानी के दर्शन करने सुबह से भक्तों की लंबी कतार लगी रही। कई जगहों पर हवन के साथ कन्याभोज का आयोजन भी हुआ। नवरात्र के प्रथम दिन से रतजगा के साथ मां दुर्गा के नौ रूपों की उपासना की जा रही है।

शारदीय नवरात्रि के अष्टमी के दिन देवी मंदिरों में दर्शन करने के भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस वर्ष 18 अक्टूबर से घट स्थापना के साथ ही मंदिर में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्जवलित किये गये है और पहले दिन से ही माता के दर्शन के साथ ज्योति कलश दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। अष्टमी को मंदिर में विशेष भीड़ लगी रही। रविवार को सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार दर्शन के लिए लगी रही। मंदिरों में माता जस गीत मांदरों की ताप के साथ गुंजती रही। नवरात्र के प्रथम दिन से रतजगा के साथ मां दुर्गा के नौ रूपों की उपासना की जा रही है। अंचल की मुख्यत: दुर्गा दाई, मड़वारानी, मनका दाई, त्रिपुर सुंदरी, महामाया, चन्द्रहासनी, बुढ़ी माई, सम्लेश्वरी देवी, डिंडेश्वरी देवी मंदिरों सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में सुबह से दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में मत्था टेक मनोकामना मांगी। जगह-जगह धार्मिक आयोजनों से नौ दिनों का वातावरण श्रद्धा एवं भक्ति से ओत΄प्रोत हो गया है। चंद्रपुर में चंद्रहासिनी मंदिर, बनारी में मां मनका दाई मंदिर, मदनपुरगढ़ में मनका माई, औराईकला में सती दाई, जांजगीर में देवी दाई, गायत्री मंदिर, गायत्री शक्ति΄पीठ, काली मंदिर चंदनिया पारा, मां काली दरबार पुरानी बस्ती जांजगीर एवं शारदा, महमदपुर में मां महामाया, घाटाद्वारी में मां त्रिपुरसुंदरी, महंत में चण्डी दाई, हरदी में मां महामाया देवी सहित चांपा, शिरीष पाठ मंदिर डोंगाकोहरौद, नवागढ़, बलौदा, शिवरीनारायण, छपोरा, सिवनी नैला, बाराद्वार, अड़भार, तागा, बगड़बरी, सलखन, भड़ेसर, सारागांव के देवी मंदिरों में दीप प्रज्जवलित किये गये, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इधर नवरात्रि का पर्व होने से आसपास क्षेत्रों से रतनपुर, डोगरगढ़, मड़वारानी जाने वाले श्रद्धालुओं से ट्रेनो में भीड़ बढ़ गई है। नवरात्र के पहले दिन से ही ट्रेनों में ठसाठस भीड़ चल रही है। आलम यह है कि ट्रेन के आने से पहले ही स्टेशन में पैर रखने तक की जगह नहीं रहती है। इधर जिला मुख्यालय के अग्रसेन भवन के सामने इस बार अमेरिका के स्वामी लक्ष्मीनारायण मंदिर की प्रतिकृति में बना 140 फीट ऊंचा पंडाल में विराजी मां दुर्गा की 35 फीट ऊंची प्रतिमा का दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। यहां के दुर्गोत्सव में विशेष लेजर शो व लाईटिंग रात में विशेष आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। स्थिति यह है कि रात 12 बजे के बाद भी सड़कों पर लोगों का हुजूम लगा रहता है। यातायात विभाग द्वारा पार्किंग के नाम पर हाईस्कूल मैदान, भांठापारा मैदान सहित अन्य खाली जमीन में वाहनों को खड़ी कराया जा रहा है।



