सुलतानपुर। चंडीगढ़ से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। थाना हलियापुर क्षेत्र में किलोमीटर 79.6 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एंबुलेंस सवार शहीद के पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो परिजनों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को उपचार के लिए पिठला कुमारगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने ससम्मान रखवाया शव
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखाया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश और हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।



