Latest Posts

दिसंबर 2026 नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी तेज,23 अक्टूबर को जारी होगी प्रारंभिक मतदाता सूची

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने दिसंबर 2026 नगरपालिका और पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया। प्रारंभिक सूची 23 अक्टूबर और अंतिम सूची 30 नवंबर को जारी होगी।

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरपालिका और त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उप निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के मुताबिक मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए 417 पदों पर निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण किया जाएगा। इनमें भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव नगर निगम के 4 महापौर पद, 13 अध्यक्ष पद और 400 पार्षद पद शामिल हैं। इसके अलावा नगरपालिका उप निर्वाचन के लिए 1 अध्यक्ष और 6 पार्षद पदों की निर्वाचक नामावली भी तैयार की जाएगी।
पंचायतों में 814 पदों के लिए बनेगी मतदाता सूची
त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए कुल 814 पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इसमें जनपद पंचायत सदस्य का 1 पद, सरपंच के 92 पद और पंच के 721 पद शामिल हैं।
23 अक्टूबर को होगा प्रारंभिक प्रकाशन
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
33 जिलों में नियुक्त होंगे निर्वाचक नामावली प्रेक्षक
आयोग ने निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण प्रक्रिया को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की तैयारी की है। इसके लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में एक-एक निर्वाचक नामावली प्रेक्षक, यानी कुल 33 प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने और मतदाता सूची को अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं।

Latest Posts

Don't Miss