कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बनवार निवासी 21 वर्षीय सागर कंवर की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बिना संकेतक खड़े वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
कोरबा जिले के कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार पल्सर बाइक जा घुसी। हादसे में 21 वर्षीय युवक सागर कंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क किनारे जा गिरा और उसके सिर पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद बाइक की लाइट जलती रही, जिसे देखकर राहगीरों की नजर पड़ी। लोगों ने देखा कि युवक सड़क किनारे पड़ा हुआ है। इसके बाद तुरंत डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर ट्रेलर और ट्रक चालक सड़क किनारे बिना किसी संकेतक के वाहन खड़ा कर देते हैं। कई बार ब्रेकडाउन गाड़ियां भी सड़क पर ही खड़ी रहती हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। अंधेरे में ये गाड़ियां दिखाई नहीं देतीं और बड़े हादसों का कारण बनती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई करने और पार्किंग लाइट अनिवार्य करने की मांग की है।



