1 अक्टूबर से सदस्यता अभियान, 30 अक्टूबर तक जिलों में संगठन विस्तार का लक्ष्य
कोरबा। भारतीय जनता मजदूर संघ छत्तीसगढ़ ने संगठन विस्तार और मजदूरों तक शासन-प्रशासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी कार्ययोजना जारी की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रकाश अनंत ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं एवं मजदूरों को संगठन की प्रस्तावित गतिविधियों से अवगत कराया है।
कार्ययोजना के अनुसार 1 अक्टूबर से प्रदेश के सभी जिलों में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। वहीं 30 अक्टूबर तक सभी जिलों में जिला अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी के गठन के साथ प्रत्येक जिले के मंडलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों की मौजूदगी में जिला स्तर पर आवश्यक बैठकें आयोजित की जाएंगी। संगठन ने जिला स्तरीय बैठकों के बाद संबंधित जिलों में संचालित कंपनियों, उद्योगों, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा कार्यशालाओं की सूची तैयार करने की योजना बनाई है। इसके साथ ही श्रम विभाग के माध्यम से जिले में कार्यरत महिला एवं पुरुष मजदूरों का आंकड़ा जुटाने तथा मजदूरों के पंजीयन से संबंधित जानकारी एकत्र कर प्रदेश मुख्यालय को उपलब्ध कराने की बात कही गई है।संगठन ने प्रत्येक मंडल को जिला अध्यक्ष के माध्यम से प्रदेश मुख्यालय में कार्ययोजना की तिथिवार एवं माहवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण
कार्ययोजना के तहत शीतकालीन सत्र में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों तथा प्रत्येक जिले से न्यूनतम 10 से 20 सक्रिय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण देने की योजना है। वर्ष के प्रारंभ से प्रत्येक जिले में पारा, मोहल्ला और टोला स्तर तक पहुंच बनाकर मजदूरों के लिए शासन-प्रशासन की ओर से उपलब्ध योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।



