Latest Posts

धमतरी में आसमानी आफत: सड़क पर गिरी बिजली, एक मजदूर की मौत; तीन गंभीर, आंधी में पेड़ भी गिरे

धमतरी के नगरी क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, आंधी के कारण धमतरी-नगरी मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

धमतरी में हो रही बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नगरी ब्लॉक के फरसियां के पास सामने आया, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में चार लोग आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज नगरी अस्पताल में जारी है।

बारिश के बीच गिरी बिजली
जानकारी के अनुसार, जिले में कुछ दिनों से देर शाम से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के साथ तेज आकाशीय बिजली की गड़गड़ाहट और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। नगरी क्षेत्र में कुछ मजदूर काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान 23 सितंबर की देर शाम फरसियां-बोड़रा मुख्य मार्ग पर तेज बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई।
एक की मौके पर मौत, तीन गंभीर
हादसे में फरसियां निवासी गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय चारों सड़क के पास मौजूद थे। बिजली गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया। यहां तीनों का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित
तेज आंधी और बारिश के कारण धमतरी-नगरी मुख्य मार्ग पर भी एक पेड़ गिर गया। इससे राजकीय राजमार्ग पर लोगों की आवाजाही बाधित हुई और वाहनों की कतार लगने की सूचना है। यह घटना 23 सितंबर की रात की बताई जा रही है। हालांकि, पेड़ गिरने की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Latest Posts

Don't Miss