विवेचना में प्रथम दृष्टया लापरवाही मिलने पर विभागीय जांच के आदेश, एसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का संदेश
जांजगीर-चांपा। विवेचना में गंभीर लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस ने सख्त कार्रवाई की है। अपराध क्रमांक 196/2026, धारा 281, 125(1) बीएनएस के प्रकरण में नामजद आरोपी के स्थान पर उसके भाई को आरोपी बनाए जाने के मामले में विवेचक सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण आदित्य को थाना नवागढ़ से रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। प्रकरण की जांच के दौरान सामने आया कि ग्राम गंगाजल निवासी चंद्रशेखर यादव उर्फ मंझला को प्रकरण में नामजद आरोपी बनाया गया था। इसके बावजूद विवेचना के दौरान उसके स्थान पर उसके भाई चंद्र कुमार यादव को आरोपी बनाकर जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया। मामले की जांच में विवेचक द्वारा की गई विवेचना कार्यवाही में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत सउनि रामकृष्ण आदित्य को थाना नवागढ़ से रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट किया है कि विवेचना में किसी भी स्तर की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। प्रकरणों की विवेचना तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किए जाने पर विशेष जोर दिया गया है।



