भागवत कथा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में उत्कृष्ट ड्यूटी के लिए एसपी ने दिया प्रशस्ति पत्र
जांजगीर-चांपा। थाना बम्हनीडीह क्षेत्र में 13 सितंबर से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पंडित श्री अनिरुद्धाचार्य महाराज के कथा कार्यक्रम में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विशाल भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और व्हीआईपी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रही। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाते हुए पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैण्डन यार्क एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम में व्हीआईपी गणों के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस बल को विशेष रूप से तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू रखने के साथ यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला। पुलिस टीम की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट ड्यूटी की सराहना करते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मान के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बेहतर कार्य के लिए टीम का उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव – थाना प्रभारी बिर्रा, निरीक्षक पारस पटेल – थाना प्रभारी बम्हनीडीह, निरीक्षक लालन पटेल – यातायात, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय – प्रभारी, पुलिस सहायता केंद्र राहौद, प्रधान आरक्षक मिलन राठौर, प्रधान आरक्षक अनुराग सिंह, प्रधान आरक्षक छगन साहू, आरक्षक रामकुमार कंवर, आरक्षक पुनेश्वर आजाद, आरक्षक उमेश कश्यप, सैनिक सुरेश साहू, महिला आरक्षक ऋतु लहरे को प्रशस्ति पत्र दिया गया।



