जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर स्थित भीम तालाब परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। यहां निर्मित बापू की कुटिया के पीछे हिस्से में लोहे की जाली से बनाई गई बाउंड्रीवाल को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया बताया जा रहा है कि भीम तालाब परिसर की सुरक्षा और देखरेख के लिए नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला द्वारा चौकीदार की नियुक्ति की गई है। इसके बावजूद परिसर में इस तरह की तोड़फोड़ होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी जरूरी है, ताकि सरकारी संपत्ति और परिसर में निर्मित संरचनाओं को नुकसान से बचाया जा सके। घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नगर पालिका द्वारा परिसर की सुरक्षा के लिए चौकीदार नियुक्त किए जाने के बावजूद तोड़फोड़ की घटना सामने आने से जिम्मेदारों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल चौकीदार की तैनाती पर्याप्त नहीं है, बल्कि रात के समय विशेष निगरानी, नियमित निरीक्षण और जरूरत पड़ने पर अन्य सुरक्षा उपाय भी किए जाने चाहिए। घटना के बाद लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि सार्वजनिक धन से तैयार की गई संरचनाओं को असामाजिक तत्व आसानी से नुकसान पहुंचा रहे हैं। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से परिसर का निरीक्षण कर घटना की जानकारी लेने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।



