श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर प्रसिद्ध रागी भाई भूपिंदर सिंह फिरोजपुर वालों ने छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा शुरू किए गए ऑनलाइन सिक्ख परिवार सर्वेक्षण एवं जनगणना फॉर्म की सराहना की
रायपुर । प्रसिद्ध कीर्तनकार एवं रागी भाई भूपिंदर सिंह फिरोजपुर वालों ने छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा समाज के परिवारों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑनलाइन सिक्ख परिवार सर्वेक्षण एवं जनगणना फॉर्म की सराहना की।श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाई भूपिंदर सिंह ने ऑनलाइन सर्वेक्षण फॉर्म के QR कोड का लोकार्पण करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता, परिवारों की जानकारी और नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य की दिशा में इस प्रकार का डिजिटल प्रयास अत्यंत उपयोगी और सराहनीय है।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि ऑनलाइन सर्वेक्षण के माध्यम से छत्तीसगढ़ में निवासरत सिक्ख परिवारों की सामाजिक, शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी जानकारी एकत्रित की जा रही है। इसका उद्देश्य समाज के बच्चों की शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, विवाह योग्य युवक-युवतियों, महिलाओं तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए भविष्य में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना है। जिसके तहत इसकी जानकारी गुरुद्वारा गोबिंद नगर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर संगत को इस ऑनलाइन परिवार सर्वेक्षण एवं जनगणना फॉर्म को भरने का आग्रह किया गया|
इस अवसर पर मनजीत सिंह भाटिया, दशमीत सिंह चावला, समाजसेवक परविंदर सिंह भाटिया, गुरुद्वारा गोविंद नगर के सचिव मनिन्दर सिंह रखराज सहित समाज की प्रमुख महिलाएं एवं अन्य संगतजन उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने सभी सिक्ख परिवारों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सर्वेक्षण फॉर्म भरने के साथ इसे अन्य सिक्ख परिवारों तक भी पहुंचाएं, ताकि समाज की मजबूत और उपयोगी डिजिटल जनगणना तैयार हो सके।



