Latest Posts

भगवान श्रीगणेश सभी के जीवन से विघ्न दूर कर सुख-समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें : प्रदीप नामदेव

चांपा। श्री गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने चांपा नगर सहित क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीगणेश विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता और बुद्धि-विवेक के देवता हैं। गणेश चतुर्थी का पर्व हमारी धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। प्रदीप नामदेव ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान श्रीगणेश की कृपा से नगर के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने कामना की कि विघ्नहर्ता गणपति सभी के जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करें और नगरवासियों के लिए उन्नति एवं मंगल का मार्ग प्रशस्त करें। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव लोगों को एकजुट करने वाला पर्व है। इस अवसर पर नगर में विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। उत्सव के माध्यम से आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन का पर्व ही नही, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है। नगर पालिका अध्यक्ष ने गणेशोत्सव के दौरान स्वच्छता, शांति और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने की नागरिको अपील की है। उन्होंने गणेश समितियों एवं श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया है।

Latest Posts

Don't Miss