Latest Posts

रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, 8 वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा। बरसात के मौसम में रेत घाटों से उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध कारोबार जारी है। इसकी शिकायतों के बीच खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने शिवरीनारायण, बिर्रा और बम्हनीडीह क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत, गिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन में लगे कुल 8 वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

जांच के दौरान बम्हनीडीह क्षेत्र के ग्राम पिपरदा में एक हाइवा, बिर्रा क्षेत्र में दो ट्रैक्टर, शिवरीनारायण क्षेत्र में तीन ट्रैक्टर तथा केवा-नवापारा में दो हाइवा जब्त किए गए। जब्त वाहनों को कलेक्ट्रोरेट परिसर के साथ ही शिवरीनारायण और बिर्रा थाना परिसर में रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त वाहनों से संबंधित कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें 5 प्रकरण रेत, एक गिट्टी और दो प्रकरण ईंट से संबंधित हैं। मामलों में खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(ख) के तहत कार्रवाई की गई है। बरसात के मौसम को देखते हुए 15 अक्टूबर तक रेत घाटों से रेत के उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद चोरी-छिपे रेत का परिवहन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे पहले भी बारिश के दौरान जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामले सामने आ चुके हैं। खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबार में लगे लोगों पर दबाव बढ़ गया है।

Latest Posts

Don't Miss