Latest Posts

कांग्रेस का हर बूथ बनेगा मजबूत किला, जनता की आवाज बनेंगे कार्यकर्ता

नगर ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का संकल्प

जांजगीर-चांपा। नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामविलास राठौर के निर्देश पर तथा मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संतोष गढ़वाल बोबई के संयोजकत्व में जांजगीर जोन के सेक्टर प्रभारियों, बूथ पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करने और जनता के बीच कांग्रेस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। बैठक में विधायक ब्यास कश्यप, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रमेश पैगवार व भगवानदास गढ़वाल, महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया, शिशिर द्विवेदी, अजीत सिंह राणा, श्रीमती गंगोत्री गढ़वाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का संगठन केवल प्रदेश स्तर से निर्धारित कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रदेश के मुद्दों के साथ नगर और वार्ड स्तर की समस्याओं को भी संगठन के संघर्ष का प्रमुख विषय बनाया जाएगा। बिजली, पानी, सड़क, नाली, सफाई, राशन, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार तथा शासकीय कार्यालयों में आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को चिन्हित कर संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जनता के साथ मिलकर इन मुद्दों को लेकर जमीनी आंदोलन भी किया जाएगा। बैठक में प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठक आयोजित कर बूथ कमेटियों को सक्रिय और जवाबदेह बनाने का निर्णय लिया गया। बूथवार कार्यकर्ताओं की सूची का पुनर्गठन, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं से संपर्क, नए युवाओं एवं महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों के अनुभव का लाभ लेने पर जोर दिया गया। सेक्टर प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के बूथों की नियमित समीक्षा करने और ‘हर बूथ—मजबूत बूथ, हर कार्यकर्ता—सक्रिय कार्यकर्ता’ के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया गया। प्रत्येक बूथ पर स्थानीय समस्याओं की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उन्हें उठाने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी सहमति बनी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता केवल चुनाव या पार्टी कार्यक्रमों के दौरान जनता के बीच नजर आएं, यह पर्याप्त नहीं है। संगठन को साल के 365 दिन जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। किसी परिवार की समस्या हो, मोहल्ले की मूलभूत सुविधा का सवाल हो या किसी नागरिक को सरकारी कार्यालय में परेशानी—कार्यकर्ताओं को उसकी आवाज बनकर सामने आना होगा। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक परेशानियों और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इन विषयों को लेकर सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए घर-घर जनसंवाद, वार्ड बैठक, नुक्कड़ संवाद और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान चलाने की रणनीति पर चर्चा की गई। संगठन विस्तार के लिए प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठक, जनसंपर्क अभियान, नए मतदाताओं एवं युवाओं से संवाद, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, वरिष्ठ कांग्रेसजनों से समन्वय और स्थानीय मुद्दों पर जनअभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। सोशल मीडिया नेटवर्क को भी मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस की वास्तविक ताकत उसका कार्यकर्ता और जनता से उसका सीधा जुड़ाव है। इसलिए संगठन को कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर मजबूत किया जाएगा। जनता के सुख-दुःख में सहभागी बनकर उसकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा। बैठक का संचालन रफीक सिद्दीकी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अनिल राठौर ने किया। इस अवसर पर रफीक खान, परमेश्वर निर्मले, अनिल चौरसिया, रवि सूर्यवंशी, पार्षद अक्षय टेकाम, विजय सूर्यवंशी, शेषनाथ टंडन, गुड्डा आसना, सुमन रात्रे, सावित्री भ्रातपहिरी, नीरा सूर्यवंशी, मधु सूर्यवंशी, ललिता सूर्यवंशी, राहुल सूर्यवंशी, शंकर गढ़वाल, प्रिंस गढ़वाल, दीपक करियारे, विजेंद्र पाल, बबलू प्रधान, मोनू कहार, बजरंग गढ़वाल, इशांत मसीह, टिंकू चौरसिया, योगेंद्र प्रधान, जितेंद्र सूर्यवंशी, रजनी सूर्यवंशी, धनबाई सूर्यवंशी, रुक्मणी सूर्यवंशी, बिज्मा सूर्यवंशी, मालती चौरसिया, रानू चौरसिया, केराबाई चौरसिया, शशि चौरसिया, नीलिमा चौरसिया, कीर्तन सूर्यवंशी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Latest Posts

Don't Miss