एक मंच पर हितग्राहियों को मिला न्याय और योजनाओं का लाभ
छात्रवृत्ति, पोषण किट, मछली जाल और आइस बॉक्स का वितरण
जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के आदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय जांजगीर सहित समस्त तालुका न्यायालयों एवं राजस्व न्यायालयों में किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विभागीय योजनाओं के स्टॉल भी लगाए गए।
जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर में नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर जयदीप गर्ग, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय के.एल. चरयाणी, जिला दंडाधिकारी जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पांडे, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र चौहान सहित न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं अधिवक्तागण, जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय जांजगीर, समस्त तालुका न्यायालयों एवं राजस्व न्यायालयों में कुल 55 हजार 153 प्रकरण रखे गए, जिनमें से लगभग 40 हजार 361 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस तरह लोक अदालत ने एक ही दिन बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों के समाधान के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयदीप गर्ग ने उपस्थित लोगों को नेशनल लोक अदालत के महत्व की जानकारी देते हुए इसे सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग की अपील की। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जयदीप गर्ग के कुशल मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से एडीआर भवन के सामने नालसा की ‘मानसिक रूप से बीमार और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं योजना-2015’ तथा ‘गरीबी उन्मूलन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विधिक सेवाएं योजना-2015’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही शासन के विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला स्वास्थ्य, स्व-सहायता अनुदान, स्पॉन्सरशिप योजना, सुपोषण किट वितरण, गर्भवती महिलाओं के लिए सधोरी कार्यक्रम, बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार तथा स्थानीय खाद्य पदार्थ एवं व्यंजन प्रदर्शन किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को मछली जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना एवं मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना की जानकारी देते हुए हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड योजना, विभिन्न उपचार सुविधाओं एवं एचआईवी जागरूकता अभियान की जानकारी दी। पुलिस विभाग द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रम तथा वन विभाग द्वारा 200 छायादार पौधों का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं आर्थिक सहायता का वितरण अतिथियों के करकमलों से किया गया। हितग्राही बैसाखू कुम्हार, सविता, देव चरण साहू, जयप्रकाश श्रीवास, नंदकुमार लाठियां एवं लक्ष्मीन पटवा को मोटर ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र तथा श्वेत छड़ी जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए गए। श्रम विभाग की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना एवं नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत लखेश्वर देवांगन को 3000 रुपए तथा भीष्मा देवांगन, नव्या कुमारी एवं काव्या कुमारी को 1500-1500 रुपए के डेमो चेक प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से संगीता बंजारे, रुक्मणी राजहंस, नर्सिंगमति पटेल, राजकुमारी साहू एवं उमादेवी चौहान को कुल 1 लाख 20 हजार रुपए के डेमो चेक प्रदान किए गए। वहीं ईशा कसेर, निशा कुंभकार, स्मिता खड़ग, अलका साहू एवं शांति कहरा को पोषण किट वितरित किए गए। पोषण अभियान के अंतर्गत आयोजित अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में ख्याति केवट, तनुज वस्त्रकर, केयान चौहान, अथर्व राठौर एवं शिवांश यादव ने जिला न्यायालय के मुखिया एवं उपस्थित अतिथियों के हाथों अन्न का पहला निवाला ग्रहण किया। इस दौरान बच्चों एवं उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मत्स्य विभाग के सौजन्य से भवनीलाल कश्यप, पीतांबर भारद्वाज, शिवमंगल कश्यप, भागवत, राहुल जलतारे, संतोष जांगड़े, मुन्ना सूर्यवंशी, भोलाराम कुर्मी, सुरेश कहरा एवं जगदीश जलतारे को मछली जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किए गए। इससे मत्स्य व्यवसाय से जुड़े हितग्राहियों को अपने काम को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में लगभग 41 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय के.एल. चरयाणी, अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय नीलिमा सिंह बघेल, जिला दंडाधिकारी जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पांडे, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र चौहान, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश गणेश राम पटेल, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एफटीसी मुकेश तिवारी, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एफटीएसएसी पॉक्सो रविंद्र कौर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी अंजू कंवर, चतुर्थ व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी नॉवेल पन्ना सहित जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नरेश शर्मा एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।




