Latest Posts

प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में विकसित हुआ आत्मविश्वास और रोजगारपरक कौशल

चांपा। शासकीय एमएमआर महाविद्यालय में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम एवं नंदी  फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं रोजगारपरक कौशल संवर्धन हेतु सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन 19 अगस्त से 25 अगस्त तक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. पी. खैरवार के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. मीनाक्षी चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के समुचित संचालन, विद्यार्थियों की सहभागिता एवं आवश्यक समन्वय में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। वही महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के प्रशिक्षक राजेन्द्र प्रसाद विश्वकर्मा ने सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न कौशलों का व्यावहारिक एवं गतिविधि-आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया।प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर प्राचार्य डॉ. एच. पी. खैरवार ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता विद्यार्थियों के सफल भविष्य के लिए पर्याप्त नही है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के भीतर विषयगत ज्ञान के साथ-साथ आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, समय प्रबंधन तथा समस्या समाधान की क्षमता का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के माध्यम से आयोजित यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को उनके व्यक्तित्व को निखारने तथा भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। प्रशिक्षक राजेन्द्र प्रसाद विश्वकर्मा द्वारा प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को जीवन कौशल एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर सरल, वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक तरीके से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को आत्म-जागरूकता, सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, निर्णय लेने की क्षमता, टीम में कार्य करने की भावना, नेतृत्व क्षमता तथा समस्या के तार्किक समाधान जैसे विषयों का अभ्यास कराया गया। विभिन्न गतिविधियों एवं समूह कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं की क्षमताओं को पहचानने और उनमें सुधार करने का अवसर मिला। प्रशिक्षण में संचार कौशल पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने समूह चर्चा, तात्कालिक भाषण एवं विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण जैसी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की। इन गतिविधियों के माध्यम से उनमें मंच पर बोलने, श्रोताओं का ध्यान आकर्षित करने तथा अपने विचारों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित हुई। इसी क्रम में विद्यार्थियों को साक्षात्कार कौशल एवं व्यावसायिक व्यक्तित्व के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें अपना परिचय प्रभावी ढंग से देने, साक्षात्कार के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों का आत्मविश्वासपूर्वक उत्तर देने, अपने ज्ञान एवं क्षमताओं को उचित तरीके से प्रस्तुत करने तथा कार्यस्थल के अनुरूप व्यवहार करने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान टीमवर्क एवं नेतृत्व क्षमता के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, वित्तीय जागरूकता, समस्या समाधान एवं आलोचनात्मक चिंतन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी भी दी गई। उन्हें दैनिक जीवन में समय के सदुपयोग, कार्यों की प्राथमिकता तय करने, आय-व्यय का संतुलन रखने तथा किसी समस्या का समाधान तार्किक तरीके से खोजने के लिए प्रेरित किया गया।

Latest Posts

Don't Miss