चांपा। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को
लेकर चांपा शहर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व को अपने परिवार
और भाई बहनों के साथ मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर
लौट रहे हैं। इसके चलते रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड तक यात्रियों की भारी
भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह से ही स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की
आवाजाही शुरू हो जाती है, जो देर शाम तक लगातार बनी रहती हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर दूर-दराज के शहरों में नौकरी, व्यवसाय और पढ़ाई के सिलसिले में रहने वाले लोग अपने घर पहुंचने के लिए रेल और बसों का सहारा ले रहे हैं।
त्योहार की वजह से सामान्य दिनों की तुलना में यात्री संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। ट्रेनों के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। खासकर सामान्य श्रेणी के कोचों में यात्रियों की संख्या अधिक होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री अपने परिवार के साथ समय पर घर पहुंचने के लिए घंटों पहले स्टेशन पहुंचकर ट्रेन का इंतजार करते नजर आ रहे है त्योहार के चलते रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की चहल-पहल देखने योग्य है। प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार करते यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही हैं। ट्रेन के आने की सूचना मिलते ही यात्रियों में अपने गंतव्य तक पहुंचने की उत्सुकता दिखाई देती है।
सामान्य कोचों में यात्रियों की अधिक भीड़ के कारण कई लोगों को खड़े होकर
यात्रा करनी पड़ रही है। परिवार के साथ यात्रा करने वालों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की संख्या भी काफी अधिक दिखाई दे रही है। कई यात्रियों का कहना है कि रक्षाबंधन साल में आने वाला ऐसा पर्व है, जिसे परिवार के साथ मनाने की इच्छा हर किसी की होती है। कामकाज के कारण भले ही लोग वर्षभर अपने परिवार से दूर रहते हैं, लेकिन रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन एक-दूसरे के साथ त्योहार मनाने का प्रयास करते हैं। इसी कारण यात्रा में होने वाली परेशानी के बावजूद लोगों में घर पहुंचने को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। रेलवे स्टेशन के साथ ही चांपा महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर भी यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है।
विभिन्न मार्गों पर जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से बस स्टैंड पर
दिनभर चहल-पहल बन रही हैं। त्योहार के चलते ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग चांपा पहुंच रहे है वहीं चांपा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी अपने मायके और ससुराल जाने के लिए बसों का सहारा लेते नजर आए। इससे बस स्टैंड पर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक आवाजाही देखने को मिली। रक्षाबंधन के कारण शहर के बाजारों में भी काफी रौनक देखने को मिल रही है। राखी की दुकानों, मिठाई दुकानों और उपहार केंद्रों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है।
आकर्षक डिजाइन और अलग-अलग कीमतों वाली राखियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। बहनें अपने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियां खरीद रही हैं, जबकि भाई भी बहनों को विशेष उपहार देने की तैयारी में
जुटे हैं। त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों को यात्रा के दौरान
विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।



