सुकमा। आम आदमी पार्टी (आप) के सुकमा जिलाध्यक्ष सुरेश कवासी सहित सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर सुकमा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 1 महीने के भीतर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन के प्रमुख बिंदु:-
अंधेरे और जंगली जानवरों का खतरा: जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतें जंगल व झाड़ियों से घिरे क्षेत्रों में स्थित हैं। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण शाम और रात के समय ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है तथा जंगली जानवरों व विषैले जीव-जंतुओं से जान-माल का खतरा बना रहता है।
तत्काल कार्य शुरू करने की मांग: आप पार्टी ने कलेक्टर से सुकमा की सभी ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट लगाने तथा खराब पड़ी लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
1 माह का अल्टीमेटम: ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि एक महीने के भीतर काम शुरू नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।



