रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में प्राइवेट गार्ड पर गोली चलाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के बाद बिहार भागे 19 वर्षीय आरोपी विवेक कुमार यादव को जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की गई है।
डांट का बदला लेने गार्ड पर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की रात गेरवानी शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात था। करीब 10:30 बजे विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ वहां पहुंचा। दोनों का गार्ड से देर रात शराब दुकान आने को लेकर विवाद हुआ और गार्ड ने उन्हें डांट-फटकार लगाई।
इसके बाद दोनों लेबर क्वार्टर लौट गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गार्ड की डांट से उसका साथी रोशन परेशान होकर रोने लगा। इससे नाराज होकर विवेक पिस्टल लेकर दोबारा शराब दुकान पहुंचा और गार्ड से विवाद के दौरान गोली चला दी। गोली चंद्रशेखर पटेल के पेट में लगी।
CCTV से मिली अहम कड़ी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई पतासाजी के दौरान आरोपी की पहचान विवेक कुमार यादव, निवासी जमुई, बिहार के रूप में हुई।
जानकारी मिलने के बाद उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से ग्राम खैरा में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही आरोपी घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां छिप गया। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को खेत से गिरफ्तार कर लिया गया।



