Latest Posts

दिल्ली में RSS कार्यालय केशवकुंज में लहराया गया तिरंगा, कृष्ण गोपाल बोले- एकजुट होकर आगे बढ़े देश

नई दिल्ली (एजेंसी)। 80वें स्वाधीनता दिवस के अवसर पर शनिवार को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय केशवकुंज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहसरकार्यवाह कृष्ण गोपाल ने ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।

समारोह के प्रारंभ में राष्ट्रगीत वन्दे मातरम तथा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान जन गण मन का गायन किया गया। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के दल ने ध्वज को सलामी दी। देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना देते हुए सहसरकार्यवाह ने कहा कि भारत अपनी स्वतंत्रता की 80 वीं वर्षगांठ मना रहा है। आज ही के दिन 15 अगस्त 1947 को अपना देश सदियों की पराधीनता के बाद स्वतंत्र हुआ। अपनी स्वतंत्रता के पीछे लगभग एक हजार वर्षों की स्वतंत्रता का संग्राम है। इसके लिए हजारों लाखों लोगों ने बलिदान दिया है।

उन्होंने कहा कि आज सबसे पहले उन महान पुरुषों एवं महिलाओं को स्मरण करें जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी अथवा जीवन भर कारागारों के पीछे रहे। सिंध के राजा दाहिर, दिल्ली के राजा अनंगपाल, पृथ्वीराज चौहान, राणा सांगा, शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, छत्रशाल महाराज, दक्षिण भारत की चिन्नमा एवं विजय नगर साम्राज्य के वे लोग जो स्वतंत्रता के लिए लड़ते हुए बलिदान हुए।

देश के भिन्न-भिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता के लिए यह संघर्ष जारी रहा। अंग्रेजों के आने के बाद यह संघर्ष फिर प्रारंभ हुआ। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, बिपिन चंद्र पाल, डा. केशव बलिराम हेडगेवार, भगत सिंह, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाकुल्ला खान, चंद्र शेखर आजाद एवं लंबे समय तक संघर्ष करते रहने वाले देश के प्रत्येक प्रांत के बंधुगण, माताएं एवं बहने, हम उन सभी का स्मरण करते हैं जिनके बलिदानों के कारण यह स्वतंत्रता प्राप्त हुई।

डाॅ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश ने तेजी से प्रगति किया। हमारा देश अब महान देश के रूप में आगे बढ़ रहा है। इस स्वतंत्रता दिवस पर मैं सभी देशवासियों को शुभकामना देता हूं कि सारा देश एकजुट होकर आगे बढ़े और विश्व के सामने एक सुंदर आदर्श प्रस्तुत करें।

Latest Posts

Don't Miss