Raipur News: खुले में पशु छोड़े तो कार्रवाई तय, निगम ने दर्ज कराई एफआईआर
Raipur News: रायपुर, नगर निगम रायपुर द्वारा शहर को आवारा मवेशियों से मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। निगम की 10 काउ-कैचर टीमों द्वारा विभिन्न मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थलों से आवारा मवेशियों को पकडक़र नजदीकी गौठानों में सुरक्षित छोड़ा जा रहा है। बुधवार तक कुल 10,967 आवारा मवेशियों को पकड़ा गया तथा पशुपालकों पर 1,95,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

Raipur News: उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए
इसी क्रम में रिहायशी क्षेत्रों में डेयरी संचालन पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही ने जोन 9 के डेयरी संचालक जितेंद्र डेयरी, गोपाल यादव और शरद यादव को नोटिस जारी कर डेयरी को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजनों को दुर्घटना, दुर्गंध और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके। जोन 4 में जोन कमिश्नर अरुण धु्रव द्वारा यादव पारा राजातालाब निवासी पशुपालक विशाल यादव के विरुद्ध उनके पालतू पशुओं को खुले में छोडऩे और बार-बार समझाइश के बावजूद सुधार न करने पर पंडरी थाना में नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है।
Raipur News: नोटिस और कार्रवाई जारी रहेगी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर पशु छोडऩे वालों पर नगर निगम अधिनियम 1956 की धारा 264 व 340 के तहत नोटिस और कार्रवाई जारी रहेगी। निदान 1100 के माध्यम से मिली शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



