WeatherNews: रात के तापमान में लगातार गिरावट से क्षेत्र में बढ़ गई ठंड
Weather: रायपुर, छत्तीसगढ़ में नवंबर के पहले सप्ताह से ही ठंड ने दस्तक दे दी है। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, जिससे आमजन को सर्दी का स्पष्ट अहसास होने लगा है। खासकर रात का पारा एकदम नीचे खिसक गया है। अंबिकापुर में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान जगदलपुर में 30 डिग्री रहा। राज्य में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है। सुबह और देर शाम अब हल्की सर्द हवाएं चलने लगी हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड अधिक महसूस हो रही है। सडक़ों पर लोग अब जैकेट, स्वेटर और मफलर के साथ नजर आने लगे हैं। वहीं, गर्म कपड़ों की दुकानें भी सज गई हैं और बाजारों में ऊनी वस्त्रों की मांग तेजी से बढऩे लगी है।
Weather News: बीमारियों से बढ़ सकता है खतरा
ठंड बढऩे के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। चिकित्सकों ने खासकर अस्थमा, सर्दी-खांसी और हृदय रोगियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बदलते मौसम को देखते हुए स्कूलों में बच्चों के पहनावे पर भी अभिभावक ध्यान दे रहे हैं। फिलहाल, मौसम विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट किया है कि उत्तरी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट संभव है। ऐसे में प्रशासन और नागरिकों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।
Weather News: दो पैकेट में शीत लहर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में एक -दो पैकेट में शीत लहर चलने की संभावना है। 10 नवंबर को आकाश मुख्यत: साफ और आज रायपुर में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।



