– मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा
रायपुर: Raipur Police: डीजीपी, आईजी कांफ्रेंस इस बार नवा रायपुर के आईआईएम में 28 नवंबर से 30 नवंबर तक यह आयोजन होगा। इसमें आमतौर की तरह प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इसमें देश के सभी राज्यों में पुलिस प्रमुख शामिल होंगे। डीजीपी, आईजी कांफ्रेंस को प्रधानमंत्री न केवल संबोधित करते हैं, बल्कि उनके साथ कानून-व्यवस्था के संदर्भ में मंथन भी किया जाता है। केंद्रीय गृह मंत्रालय का आयोजन है तो इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय (महादनी भवन) में उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को सम्मेलन की सभी तैयारियों को समय पर पूर्ण करने और उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Raipur Police: मुख्य सचिव ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने आयोजन की सुचारु व्यवस्था के लिए विभिन्न नोडल अधिकारियों की तत्काल नियुक्ति करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव ने सम्मेलन स्थल पर आने वाले डेलीगेट्स के आवागमन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा एवं आवास व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने रायपुर के सर्किट हाउस, प्रशासन अकादमी और अन्य स्थानों पर अतिथियों के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख पुलिस अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, एनआरडीए, संस्कृति विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



