रायपुर, (संवाद साधना)। रेलवे यात्रियों के मोबाइल चोरी और गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी रायपुर ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 64 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये है।

ये मोबाइल मध्यप्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक (रेल) रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने निर्देशित किया था कि उप पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर एस.एन. अख्तर एवं सभी थाना प्रभारियों को साइबर सेल की मदद से सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक गुम और चोरी हुए मोबाइल ट्रेस करने का काम किया जाए।

इस प्रक्रिया में जीआरपी रायपुर ने 51 गुम मोबाइल और 13 लावारिस मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किया। इनमें 2023-24 और 2025 में चोरी या गुम हुए मोबाइल शामिल थे। पुलिस अधीक्षक (रेल) रायपुर के कार्यालय में सभी मोबाइल मालिकों को उनके मोबाइल सुपुर्द किए गए।



