– एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती रही कि कांग्रेस शासनकाल में कितने अपराध हुए है और उसके लिए जिम्मेदार कौन
– भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने कांग्रेस पर किया हमला
रायपुर, (संवाद साधना)। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस का हाथ उनकी पार्टी के भीतर के अपराधियों के साथ है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री मार्कण्डेय जांजगीर के श्याम सुपर मार्केट में डकैती की साजिश को अंजाम देते नकाबपोश अपराधियों की गिरफ्तारी और इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में एनएसयूआई के नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर के भी शामिल होने पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश में घट रहे अधिकांश अपराधों में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं की संलिप्तता सामने आने के बाद अब कांग्रेस को पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए कि वह जनता के साथ है या फिर लूटमार करने वाले अपराधियों के साथ खड़ी है?
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस और अपराधियों का एक संगठित गिरोह बनता जा रहा है । इसका डकैती प्रकरण ताजा मामले हैं जो हथियार बरामद हुए हैं, वह क्षेत्रीय विधायक के घर से मिले हैं। इससे यह साफ है कि कांग्रेस जनता की सेवा और सुरक्षा के रास्ते से भटक चुकी है। कांग्रेस अपराधियों को इस तरह संरक्षण देकर अपराधियों का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण कर रही है। बस्तर से लेकर सरगुजा तक कांग्रेस नेताओं की अपराधों में संलिप्तता उजागर हो रही है। एनसीआरबी की रिपोर्ट इस बात को बताती है कि कांग्रेस शासनकाल में कितने अपराध हुए है और उसके लिए कौन जिम्मेदार हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि भाजपा हमेशा यह कहती रही है कि प्रदेश में जहां भी अपराध होता है, वहां या तो कांग्रेस का संरक्षण होता है, या कांग्रेस के नेतागण ख़ुद ही अपराध में संलिप्त होते हैं।



