– थाना माना क्षेत्रांतर्गत धरमपुरा स्थित सूने मकान आरोपी ने किया था हाथ साफ अंजाम
-आरोपी के कब्जे से सोने के जेवरात लगभग 75 ग्राम, चांदी के जेवरात व मूर्ति व नकदी जब्त
-आरोपी चंदन चेलक पूर्व में भी चोरी व नकबजनी के प्रकरणों में रह चुका है जेल बंद
-प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपी है फरार, जिसकी टीम कर रही तलाश
रायपुर,(संवाद साधना)। माना थाना क्षेत्र के धरमपुरा स्थित सूने मकान में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले युवक को माना पुलिस व एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने धर दबोचा। टीम ने आरोपी के कब्जे से सोने के जेवरात 75 ग्राम, चांदी के जेवरात व मूर्ति 2 किलो 893 ग्राम तथा नकदी रकम कुल 10 लाख रुपए जब्त की। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
मामले का खुलासा करते हुए माना थाना प्रभारी मनीष तिवारी व एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी परेश पाण्डेय ने बताया कि आरोपी अनिल बघेल के घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। आरोपी ने घर के दरवाजे का कुंदा व ताला को उखाडक़र प्रवेश किया और आलमारी का ताला व लॉकर को तोडक़र रखे नकदी रकम, सोने-चांदी के जेवरात तथा चांदी की मूर्ति को चोरी कर ले गया था। इस बात की जानकारी प्रार्थी को हुई तो 22 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया। मामले का पंजीबद्ध करने के बाद एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसके बाद टीम ने जानकारी एकत्र करते हुए आसपास के सीसीटीवी खंगाले। इसी दौरान महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी में लगी टीम के सदस्यों द्वारा कचना हाउसिंग बोर्ड कालोनी खम्हारडीह निवासी चंदन चेलक पिता झुमका चेलक (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अपने साथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया। टीम फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
ये थे कार्रवाई में शामिल
इस कार्रवाई में माना थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष तिवारी, एंटी क्राईम एंड साइबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय, प्र.आर. वीरेन्द्र भार्गव, जसवंत सोनी, सुरेश देखमुख, आर. तुकेश निषाद, लक्ष्मीनारायण साहू, अविनाश टंडन, थाना माना से प्र.आर. आशीष सखरिया एवं आर. रामकृष्ण सिन्हा शामिल रहे।



