Latest Posts

475 करोड़ के टैक्स टारगेट के लिए बंधक प्रॉपर्टी पर शिकंजा, नोटिस के बाद जमा नहीं करने पर होगी कुर्की

रायपुर, (संवाद साधना)। नगर निगम ने वित्त वर्ष 2025-26 में प्रॉपर्टी टैक्स से 475 करोड़ रुपए की वसूली का लक्ष्य तय किया है। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर राजस्व विभाग ने निगम सीमा क्षेत्र में स्थित 3.30 लाख प्रॉपर्टी में से 1.05 लाख (बंधक) ब्लॉक्ड प्रॉपर्टी की पहचान कर सर्वे अभियान तेज कर दिया है। जून से अगस्त तक हुए सर्वे में 2,304 ब्लॉक्ड प्रॉपर्टी से 8.39 करोड़ रुपए का टैक्स वसूला जा चुका है। राजस्व विभाग का दावा है कि नवंबर तक सर्वे पूरा होते ही टैक्स वसूली का आंकड़ा 65 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है।
अब तक की रिपोर्ट में जोन-10 सबसे आगे है, जहां आउटर इलाकों के वार्डों में 424 मकान व दुकानों से 1.50 करोड़ रुपए वसूले गए हैं। वहीं जोन-2 में 104 प्रॉपर्टी से 1.47 करोड़ रुपए का टैक्स मिला है।
ओपन प्लॉट मालिकों पर भी नजर
निगम ने टैक्स वसूली के लिए जिला प्रशासन व नगर निवेश विभाग से भी हाथ मिलाया है। अब रजिस्ट्रार ऑफिस से ओपन प्लॉट की जानकारी सीधे निगम को मिलेगी, जिससे डायवर्टेड प्लॉट के मालिकों को सीधे डिमांड नोटिस भेजा जाएगा। पहले निगम के अमले को स्थानीय लोगों से जानकारी जुटानी पड़ती थी।
टैक्स फ्री प्रॉपर्टी से भी वसूली होगी
शहर में 12,260 टैक्स फ्री प्रॉपर्टी हैं। इनमें से 2,829 प्रॉपर्टी की पहचान की जा चुकी है, जिनसे अब यूजर चार्ज व पेयजल टैक्स वसूला जाएगा।
दीपावली के बाद बढ़ेगा दबाव
त्योहारी सीजन के बाद नगर निगम सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। वसूली में लापरवाही करने वालों पर नोटिस भेजे जाएंगे और आवश्यकता पडऩे पर जमीन-जायदाद कुर्की की कार्रवाई भी हो सकती है।

 

Latest Posts

Don't Miss